शिमला, 2 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में रविवार को मध्यम दर्जे की बारिश हुई। मौसम विभाग ने हिमाचल के कुछ भागों में तेज बारिश की संभावना जताई है।
मौसम कार्यालय ने कहा है कि राज्य में 24 जून को पहुंचा दक्षिण पश्चिम मानसून 31 जुलाई तक 20 प्रतिशत औसत से कम रहा है।
एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि चंबा जिले के सलोनी में सर्वाधिक 58 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि धर्मशाला में 53 मिलीमीटर, नूरपुर में 25 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा पर्यटन स्थल डलहौजी में 24 मिलीमीटर और मनाली 3.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
अधिकारी ने कहा कि न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं हुआ है।
राज्य की राजधानी शिमला में हल्की बारिश हुई और यहां का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
धर्मशाला का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मनाली का 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
उना, कुल्लू, शिमला, और कांगड़ा जिलों में औसत से अधिक बारिश हुई। जबकि आठ जिलों में पांच से 74 प्रतिशत तक औसत से कम बारिश हुई।
गौरतलब है कि पिछले साल मानसून के दौरान राज्य में औसत से 38 प्रतिशत कम बारिश हुई थी।
राज्य में लोगों का मुख्य व्यवसाय कृषि है, जिससे 69 प्रतिशत लोगों को सीधे रोजगार प्राप्त होता है।
dharmpath.com dharmpath