इस्लामाबाद, 21 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि वह भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) के साथ बैठक से पहले कश्मीर के हुर्रियत नेताओं से प्रस्तावित मुलाकात के मामले में किसी भी तरह के समझौते के मूड में नहीं है।
यह फैसला पाकिस्तान के राजनैतिक और सैन्य नेताओं की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने की। इसमें पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ ने भी शिरकत की।
‘जियो न्यूज’ की रपट के मुताबिक, बैठक में कहा गया कि “कश्मीरी नेताओं से मुलाकात न करने की भारत की मांग को स्वीकर नहीं किया जा सकता।”
सूत्रों के अनुसार, “बैठक में राजनैतिक और सैन्य नेतृत्व ने यह तय किया कि भारत के साथ वार्ता के मामले में पाकिस्तान, हुर्रियत नेताओं को पूरी तरह से विश्वास में लेगा।”
सूत्रों ने कहा कि हालांकि बैठक में यह बात भी दोहराई गई कि पाकिस्तान सभी द्विपक्षीय मसलों को बातचीत से सुलझाने के पक्ष में है।
पाकिस्तान के एनएसए सरताज अजीज और भारत के एनएसए अजीत डोवाल के बीच दिल्ली में 23-24 अगस्त को वार्ता होनी है। इसे दोनों देशों के बीच बातचीत की प्रक्रिया को फिर से शुरू करने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है।
पाकिस्तानी उच्चायोग ने एनएसए वार्ता से पहले हुर्रियत और अन्य अलगाववादी नेताओं को अजीज से मुलाकात के लिए दिल्ली बुलाया है।
भारत की तरफ से ऐसे संकेत भी मिले हैं कि अगर अजीज, हुर्रियत नेताओं से मिले तो वार्ता रद्द भी की जा सकती है।
dharmpath.com dharmpath