हैदराबाद, 22 मार्च (आईएएनएस)। हैदराबाद विश्वविद्यालय के कुलपति पी.अप्पा राव के दो महीने की छुट्टी के बाद मंगलवार को वापस लौटने का छात्रों ने जमकर विरोध किया। छात्रों ने कुलपति के कार्यालय में तोड़फोड़ की जिससे परिसर में तनाव व्याप्त है।
छात्रों ने कुलपति पर शोधार्थी छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या का दोषी होने का आरोप लगाते हुए उनके कार्यालय में घुस गए और तोड़फोड़ की। छात्रों ने कुलपति की कार को भी क्षति पहुंचाई।
कुलपति के संवाददाता सम्मेलन से कुछ मिनट पहले छात्रों ने उन पर हमला किया। कुलपति मीडिया को यह बताना चाहते थे कि उन्होंने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में एक बार फिर तनाव उत्पन्न हो गया है। पुन: हिंसा नहीं हो इसके लिए परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
विदित हो कि जब छात्रों को जानकारी मिली कि कुलपति अप्पा राव कार्यभार ग्रहण करने आ रहे हैं, तो छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया।
उल्लेखनीय है कि रोहित वेमुला की आत्महत्या को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में हो रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान ही कुलपति अप्पा राव 24 जनवरी को छुट्टी पर चले गए थे।
विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बनी सामाजिक न्याय के लिए संयुक्त कार्रवाई समिति ने रोहित वेमुला सहित पांच दलित छात्रों के निलंबन के लिए कुलपति पी.अप्पा राव, केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी, बंडारू दत्तात्रेय और अखिल भरतीय विद्यार्थी परिषद के कुछ नेताओं को दोषी ठहराया था।
dharmpath.com dharmpath