हैदराबाद : हाथापाई में छात्र की मौत

हैदराबाद, 10 मई (आईएएनएस)। हैदराबाद में दो किशोरों के बीच हुई हाथापाई में एक की मौत हो गई है।

पुलिस ने मामले में सात लड़कों को गिरफ्तार किया है, सभी नाबालिग हैं। मृतक मोहम्मद नबील के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना बीती तीन मई को पुराने हैदराबाद के पंजेशा इलाके में हुई थी, लेकिन मृतक के परिजनों द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद रविवार को मामला प्रकाश में आया।

घटना के समय वहां मौजूद एक लड़के ने अपने मोबाइल पर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया था। उसने पुलिस को बताया कि किस तरह हाथापाई के दौरान 12वीं कक्षा के छात्र नबील की हालत ज्यादा बिगड़ गई। घटना की वीडियो क्लिप टेलीविजन चैनलों पर भी दिखाई जा चुकी है।

हाथापाई में नबील की हालत खराब होती देख वहां मौजूद लड़के उसे मोटरसाइकिल पर अस्पताल ले गए, लेकिन नबील की रास्ते में ही मौत हो गई। इसके बाद लड़कों ने नबील के घरवालों को सूचना दी और कहा कि मोटरसाइकिल से गिरने के कारण नबील की मौत हो गई।

पुलिस उपायुक्त वी. सत्यनारायण ने कहा कि संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रपट आने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया जा सकता है।

उन्होंने कहा जिस तरह से लड़के मौत के कारण को छिपाने की काशिश कर रहे हैं, वह गंभीर मुद्दा है और पुलिस हर कोण से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने आरोपियों के नामों का खुलासा करने से इंकार किया, क्योंकि सभी नाबालिग हैं।

कहा जा रहा है कि घटना के दौरान 15 किशोर वहां मौजूद थे, जब नबील और एक अन्य लड़के बीच हाथापाई हुई। लड़कों ने जानबूझकर दोनों को लड़ने के लिए उकसाया था और जीतने वाले पर पैसा भी लगाया था।

नबील के अभिभावकों ने बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार आरोपियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।

संसद में बीते सप्ताह एक विधेयक पास किया गया था, जिसके तहत कानून में संशोधन कर जघन्य अपराध के आरोपी नाबालिगों पर वयस्कों के समान मुकदमा चलाने की बात कही गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493