कोलकाता, 5 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजी कोच दिग्गज पाकिस्तानी गेंदबाज वसीम अकरम ने चाइनामैन स्पिन गेंदबाज ब्रैड हॉग की जमकर तारीफ की और उन्हें टीम में शामिल करने का श्रेय कप्तान गौतम गंभीर को दिया।
अकरम ने मंगलवार को कहा कि हॉग ने टीम में सुनील नरेन के स्थान की भरपाई कर दी है।
गौरतलब है कि नरेन को आईपीएल-8 में संदिग्ध गेंदबाजी ऐक्शन के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने से प्रतिबंधित कर दिया है।
नाइट राइडर्स ने 29 अप्रैल को बीसीसीआई द्वारा नरेन को प्रतिबंधित किए जाने के बाद से उन्हें टीम से बाहर रखा है।
अकरम ने कहा, “हॉग ने टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली है, लेकिन इसका पूरा श्रेय गंभीर को जाता है। वह टीम में हमेशा एक दमदार स्पिन गेंदबाज को रखना चाहते हैं। और वह एक ऐसे रहस्यमयी गेंदबाज को रखना चाहते हैं जिसकी गेंदों का पूर्वानुमान मुश्किल हो। नरेन ऐसा ही करते थे और हॉग भी बिल्कुल वही कर रहे हैं।”
अकरम ने भारतीय दिग्गज बल्लेबाज दिलीप वेंगसरकर के साथ यहां एक स्कूल में आयोजित परिचर्चा में हिस्सा लिया।
अकरम ने हालांकि जांच के परिणाम आने के बाद नरेन की वापसी का विश्वास व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा, “नरेन ने नाइट राइडर्स के लिए हमेशा शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2012 में हमें खिताब दिलाई और 2014 में भी नाइट राइडर्स को चैम्पियन बनाने में उनकी भूमिका अहम रही।”
अकरम ने टीम के मुख्य तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल को किसी तरह की चोट लगने की बात से भी इनकार किया।
उन्होंने कहा, “मोर्कल को कोई चोट नहीं है। हमने उन्हें सिर्फ कुछ मैचों से आराम दिया है, क्योंकि यह एक लंबा टूर्नामेंट है और हम अपने कुछ गेंदबाजों को अहम मैचों के लिए बचा कर रखना चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath