जम्मू, 6 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में भारी बारिश के बावजूद अमरनाथ यात्रियों का उत्साह बरकार है। 2,128 से अधिक यात्रियों का एक अन्य जत्था सोमवार को यहां से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “2,128 यात्रियों का एक और जत्था यहां भगवती नगर यात्री निवास से सोमवार सुबह रवाना हुआ, जिसमें 399 महिलाएं, 20 बच्चे और 135 साधु हैं। यात्री 12 वाहनों से सुरक्षा दस्तों के साथ रवाना हुए।”
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में समुद्र तल से 14,500 फुट की ऊंचाई पर हिमलाय की पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए सड़क मार्ग के जरिये पहुंचने का एकमात्र रास्ता 300 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग है।
घाटी में रविवार रात से ही भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से कई स्थानों पर भूस्खलन हुए हैं।
यातायात विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि राजमार्ग से सटे बन्नीहाल सेक्टर में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुए हैं, जिसके कारण मार्ग बाधित हो गया। लेकिन यात्रियों को गुफा तक ले जाने के लिए रास्ता एक तरफ से साफ कर दिया गया है।
दो माह तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा इस साल दो जुलाई को शुरू हुई और यह श्रावण की पूर्णिमाा पर रक्षाबंधन के दिन 29 अगस्त को समाप्त हो जाएगी।
dharmpath.com dharmpath