506 यात्रियों के साथ जहाज बंगाल की खाड़ी में फंसा

विशाखापत्तनम, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। पांच सौ से अधिक यात्रियों के साथ एक जहाज बंगाल की खाड़ी में मंगलवार रात से फंसा हुआ है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी है।

एम .वी. हर्षवर्धन जहाज 506 यात्रियों और चालक दल के 50 सदस्यों के साथ मंगलवार को करीब 1.45 बजे यहां से अंडमान के लिए रवाना हुआ था।

छह घंटे के सफर के बाद तकनीकी गड़बड़ियों के कारण जहाज रुक गया और तब से यह रुका हुआ है। समुद्र में पैदा हुए इस संकट से यात्री घबरा गए और उनमें से कुछ ने मीडिया से संर्पक किया।

विशाखापत्तनम जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा, “चार में से एक जनरेटर के काम नहीं करने से जहाज रुक गया। जनरेटर की मरम्मत के प्रयास किए जा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें भोजन व पेयजल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

भारतीय नौवहन निगम के प्राधिकारियों को उम्मीद है कि जहाज जल्द अपनी यात्रा शुरू करेगा।

विशाखापत्तनम से अंडमान तक का सफर 70 घंटे का है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493