पाकिस्तान संग वार्ता नहीं पलटवार हो : भाजपा सांसद

नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सदस्य आर. के. सिंह ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से कहा कि पाकिस्तान से बातचीज का कोई नतीजा नहीं निकलने वाला है, इसलिए उसके साथ वार्ता न कर ‘कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए’ उसके खिलाफ ‘पलटवार’ के विकल्पों पर विचार किया जाना चाहिए।

बिहार के आरा से सांसद व पूर्व केंद्रीय गृह सचिव आर. के. सिंह ने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कहा, “पाकिस्तान से बात करने का कोई मतलब नहीं है। इस साल जब हमने बात शुरू की तो क्या नतीजा निकला? हमारे यहां पठानकोट हमला हुआ। अब वे कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। इसलिए सरकार को प्रतिक्रियात्मक कार्रवाई के विकल्पों पर विचार करना चाहिए।”

पूर्व केंद्रीय गृह सचिव ने कहा कि हाल की घटनाओं से साफ हो गया है कि पाकिस्तान, भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देने में संलिप्त है।

उन्होंने कहा, “जम्मू एवं कश्मीर में गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकवादी से पूछताछ के बाद स्पष्ट हो गया है कि उसने पाकिस्तान में प्रशिक्षण पाया था और उसे भारत में आतंक फैलाने के लिए भेजा गया था। पूर्व में भी इस इस तरह की बातें सामने आ चुकी हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493