टोक्यो, 30 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका वर्तमान में ओकिनावा में अमेरिका के सैन्य अड्डों के तौर पर इस्तेमाल की जा रही 4,000 हेक्टेयर भूमि जापान को लौटाएगा। प्रशासन ने यह घोषणा की है।
सामचार एजेंसी ‘एफे’ के मुताबिक, यह भूमि जापान में अमेरिकी सेना के नियंत्रण वाले क्षेत्र का 17 प्रतिशत हिस्सा है। यह ओकिनावा में अमेरिकी प्रशासन से जापान को वापस मिलने वाला अब तक का सबसे बड़ा भूमि क्षेत्र होगा।
हालांकि अमेरिकी प्रशासन ने स्पष्ट नहीं किया है कि वह इस भूमि को कब लौटाएगा।
सशस्त्र बलों द्वारा शुक्रवार को जारी एक बयान के मुताबिक, “सुविधाएं या क्षेत्र काम के लिए जरूरी न रहने पर जापानी सरकार को वापस लौटा दिए जाएंगे।”
बयान के मुताबिक, एक बार कई हवाई पट्टियों के निर्माण के बाद लगभग 4,000 हेक्टेयर भूमि जापान प्रशासन को लौटा दी जाएगी।
जापान में अमेरिका के लगभग 47,000 सैनिकों में से आधे से ज्यादा और सैन्य सुविधाओं में से 74 प्रतिशत ओकिनावा में हैं।
ओकिनावा के निवासी वर्षों से द्वीप में अमेरिकी बलों की तैनाती का विरोध करते रहे हैं। जब भी अमेरिकी सैनिकों या कर्मचारियों पर किसी अपराध का आरोप लगता है, तब उनका असंतोष और बढ़ जाता है।
हाल ही में इस साल मई में एक बेहद गंभीर घटना घटी थी, जब जापानी पुलिस ने कडेना अड्डे में कार्यरत अमेरिकी नौसेना के एक पूर्व जवान को एक 20 वर्षीय जापानी महिला के साथ दुष्कर्म करने और उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था।
dharmpath.com dharmpath