जनपद सचिवालय स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में अपने पद का कार्यभार संभालने के बाद वेंकटेश ने कहा कि राष्ट्रीय निर्वाचक नामावलियों का परिशोधन-2016 कार्यक्रम अप्रैल में शुरू किया गया था जो अब भी चल रहा है।
उन्होंने बताया कि तीन व चार अगस्त को भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों का लखनऊ दौरा प्रस्तावित है। उनसे विचार-विमर्श के दौरान विधानसभा निर्वाचन 2017 की तैयारियों के संबंध में कार्ययोजना तय की जाएगी।
वेंकटेश ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन 2017, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश में पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने लखनऊ के मंडलायुक्त टी. वेंकटेश को प्रदेश का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नामित किया था। इससे पहले केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने अरुण सिंघल के स्थान पर वाराणसी के मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण को नामित किया था।
लेकिन, नितिन ने नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद कार्यभार ग्रहण करने में असमर्थता जता दी थी। इसके बाद आयोग ने नए सीईओ की नियुक्ति के लिए शासन से नया पैनल मांगा था। शासन की ओर से भेजे गए नए पैनल में आयोग ने वेंकटेश के नाम पर अपनी मुहर लगा दी थी। इसके बाद नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने वेंकटेश को सूबे का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त कर दिया है।
वेंकटेश मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के रहने वाले हैं। इससे पहले वह लखनऊ के मंडलायुक्त रहे हैं। इसके अलावा वेंकटेश शासन में प्रमुख सचिव सिंचाई और जल संसाधन विभाग में भी रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath