वाईएसआर कांग्रेस का 2 अगस्त को आंध्र बंद का अह्वान

हैदराबाद, 30 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल वाईएसआर कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा राज्य को विशेष दर्जा दिए जाने से इनकार करने पर दो अगस्त को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

वाईएसआर कांग्रेस का कहना है कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा न देना राज्य के साथ धोखा है।

वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी ने यहां पत्रकारों से शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के साथ नाइंसाफी की है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राज्य में सत्तारूढ़ तेलगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने मिलकर राज्य की पांच करोड़ जनता को धोखा दिया है।

उन्होंने राज्य वासियों से बंद में शामिल होने का आह्वान भी किया और कहा कि पार्टी जनता को विशेष दर्जा के महत्व के बारे में बताएगी।

नेता प्रतिपक्ष जगनमोहन ने कहा कि तेदेपा के अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र की राजग सरकार द्वारा राज्य को विशेष दर्जा देने से इनकार करने के बावजूद राजग में शामिल रहने का संकेत दिया है।

जगनमोहन रेड्डी ने याद दिलाया कि जब पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संसद में आंध्र प्रदेश को पांच वर्ष के लिए विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था, तो भाजपा ने इसका विरोध किया था और कहा था कि आंध्र को 10 वर्ष के लिए विशेष दर्जा दिया जाना चाहिए।

भाजपा के उस तर्क पर कि अन्य राज्य पहले दिन से ही आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने का विरोध कर रहे हैं, जगनमोहन ने आश्चर्य व्यक्त किया कि भाजपा ने फिर कैसे इसे अपने चुनावी घोषणा-पत्र में शामिल किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493