कर्नाटक में राकेश सिद्धारमैया को हजारों लोगों ने श्रद्धांजलि दी

मैसुरु (कर्नाटक), 1 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बड़े बेटे राकेश सिद्धारमैया को बेंगलुरु से 150 किलोमीटर दूर यहां एग्जीबीशन ग्रांउड पर हजारों लोगों ने अंतिम विदाई दी। राकेश का ब्रसेल्स में पिछले सप्ताह निधन हो गया था।

एक अधिकारी ने कहा, “तय कार्यक्रम के अनुसार राकेश का शव एमिरेट्स एयरलाइंस के एक विमान से ब्रसेल्स से सोमवार सुबह बेंगलुरु पहुंचा, जहां से उसे एक विशेष विमान द्वारा यहां लाया गया।”

सिद्धारमैया, उनकी पत्नी, बहू व छोटे बेटे यतींद्र ब्रसेल्स से शव के साथ आए।

ब्रसेल्स के आंटवर्प यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में कई अंगों के काम करना बंद कर देने से 39 वर्षीय राकेश का निधन हो गया था। ब्रसेल्स के इस अस्पताल में उनका पैंक्रियाज की बीमारी का इलाज चल रहा था। बीते 21 जुलाई से ही वह यूरोप के व्यक्तिगत दौरे पर थे, जिस दौरान अचानक तबीयत खराब होने के कारण उन्हें इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उनके शव को सड़क मार्ग से यहां से 40 किलोमीटर दूर टी. कटूर ले जाया जाएगा, जहां शाम को सिद्धारमैया के फार्महाउस पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

राज्यपाल वजुभाई वाला, लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा, राज्य के मंत्री, सांसद तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित की।

आंखों में आंसू रोके सिद्धारमैया हाथ जोड़कर शव के पास खड़े रहे और उन्होंने राकेश को आदर देने तथा दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों का साथ देने के लिए आए लोगों का आभार प्रकट किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493