बीते सप्ताह देश के 192 और गांवों तक पहुंची बिजली

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत बीते सप्ताह देश के 192 और गांवों तक बिजली पहुंचा दी गई। सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया है, “बीते सप्ताह जिन गांवों तक बिजली पहुंची उनमें असम के 10, मेघालय के 123, झारखंड के 24, ओडिशा के 15, राजस्थान के सात, उत्तर प्रदेश के पांच, नागालैंड के तीन तथा मध्य प्रदेश और बिहार के दो-दो गांव जबकि उत्तराखंड का एक गांव शामिल है।”

वक्तव्य में कहा गया है कि अब तक देश के कुल 9,326 गांवों तक बिजली पहुंचाई जा चुकी है।

देश के शेष जिन 9,126 गांवों तक अभी भी बिजली पहुंचाई जानी है उनमें 5,860 गांवों तक बिजली ग्रिड के जरिए, 2,645 गांवों तक भौगोलिक दुरुहता के कारण बिना ग्रिड के अन्य संसाधनों के जरिए तथा 316 गांवों तक राज्य सरकारों द्वारा बिजली पहुंचाई जाएगी। 501 गांव गैर-आबादी वाले हैं।

गोवा में जून में ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में केंद्र सरकार और राज्यों ने देश के सभी गांवों तक बिजली पहुंचाने के लक्ष्य को 2016 के अंत तक हासिल करने का संकल्प लिया था, जबकि इससे पहले लक्ष्य की अंतिम तारीख एक मई, 2018 तय हुई थी।

बीते सप्ताह इसी संदर्भ में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने ग्रामीण विद्युत अभियंताओं की सराहना की थी, जिन्होंने गांवों तक बिजली पहुंचाने के कार्य को तेज गति प्रदान की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493