भोपाल, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में मानसून की सक्रियता के कारण बांधों का जलस्तर खतेरे के निशान को पार कर गया है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से एक अगस्त तक हुई वर्षा के आधार पर 25 जिलों में सामान्य से अधिक, 22 जिलों में सामान्य तथा चार जिलों में कम वर्षा दर्ज की गई है।
इतना ही नहीं, राज्य के प्रमुख बांधों- बरगी, तवा, बारना, इंदिरा सागर, ओंकारेश्वर, बाण सागर, संजय सरोवर, राजीव सागर, गांधी सागर, मनीखेड़ा, गोपी कृष्ण, माही, हलाली सम्राट अशोक सागर, कोलार, केरवा और राजघाट का जलस्तर अधिकतम क्षमता को पार कर गया है। कई बांधों से पानी की निकासी भी की जा रही है।
राज्य के 25 जिलों- जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, सीधी, सतना, खंडवा, शाजापुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, होशंगाबाद और बैतूल में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
वहीं सामान्य वर्षा टीकमगढ़, रीवा, शहडोल, उमरिया, इंदौर, धार, झाबुआ, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, नीमच, रतलाम, देवास, अलीराजपुर, भिंड, ग्वालियर, दतिया, हरदा, मंदसौर, श्योपुरकला, सिंगरोली और उज्जैन जिलों में हुई हैं।
राज्य में सिर्फ चार जिले बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर और आगर-मालवा ही ऐसे हैं जहां सामान्य से कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने सोमवार को आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के कई हिस्सों में बीते दो दिनों से बारिश का दौर जारी है।
dharmpath.com dharmpath