लखनऊ, 3 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में बुधवार सुबह रसूलपुर गांव के समीप रोडवेज की बस व डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा घायल हो गए। सभी घायलों को धनौरा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रोडवेज की बस चांदपुर से दिल्ली जा रही थी। बस जैसे ही रसूलपुर गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही रद्दी से लदी डीसीएम से टकराकर पलट गई।
जोरदार धमाके के साथ दुर्घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर देख कांप गए। बस में फंसे यात्री मदद के लिए चीख रहे थे। ग्रामीणों ने एक-एक कर सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में बस व डीसीएम चालकों सहित एक यात्री की मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।
dharmpath.com dharmpath