महाराष्ट्र में पुल ढहा, केंद्र ने बचाव के लिए एनडीआरएफ दल भेजे

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि महाराष्ट्र में मंगलवार देर रात सावित्री नदी पर एक पुल ढह जाने से दो यात्री बसों व चार अन्य वाहनों के बह जाने की आशंका है।

शून्यकाल के दौरान शिवसेना सदस्य विनायक राउत द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि केंद्र सरकार ने बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर 12 नौकाओं व गोताखोरों के साथ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के चार दलों को भेजा है।

राजनाथ ने कहा, “यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं सदन के सदस्यों को यह सूचित करना चाहूंगा कि मंगलवार रात 11.30 बजे नदी के तेज बहाव के कारण रायगढ़ जिले के महद के निकट सावित्री नदी पर बना पुल बह गया।”

गृह मंत्री ने कहा, “मैंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की है।” उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और राहत व बचाव कार्यो की निगरानी कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र राज्य सरकार को हर तरह का सहयोग व सहायता मुहैया कराएगा।

एक अधिकारी ने कहा कि पुल के ढहने के बाद नदी के तेज बहाव में कम से कम दो यात्री बस बह गए, जिनमें लगभग 22 यात्री सवार थे।

तटीय कोंकण, उत्तर व पश्चिम महाराष्ट्र में बीते पांच दिनों से मूसलाधार बारिश जारी है। बीते 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493