भोपाल, 3 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राष्ट्रीय उद्यान वन विहार के वयोवृद्ध सिंह (शेर) एंथनी की बुधवार को 26 वर्ष की आयु में मौत हो गई। एंथनी ने औसत आयु 15 वर्ष से 11 वर्ष अधिक जीवन जिया।
वन विहार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, एंथनी को 22 अक्टूबर, 2006 को 16 वर्ष की आयु में छत्तीसगढ़ (कोरबा) के राजमहल सर्कस से लाया गया था।
प्राथमिक पोस्टमार्टम में सिंह की मृत्यु का कारण वृद्धावस्था की वजह से आंतरिक अंगों का काम न करना है।
वन विहार के अधिकारियों के अनुसार, यहां वन्य-प्राणियों की खुराक, चिकित्सा, सेवा-सुश्रुषा और मौसम के अनुसार इनमें सामंजस्य का पूरा ख्याल रखा जाता है। यही कारण है कि वन विहार के बचाव केंद्र में घायल, रोगी और निर्बल अवस्था में लाए गए वन्य-प्राणी न केवल स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करते हैं, बल्कि लंबी उम्र भी प्राप्त करते हैं।
dharmpath.com dharmpath