रियो डी जेनेरियो, 3 अगस्त (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाख ने रूस में हुए डोपिंग के व्यापक मामलों के बाद विश्व डोपिंग रोधी तंत्र में सुधार करने की बात कही है।
आईओसी के 129वें सत्र में मंगलवार को बाख ने कहा कि रूस के डोपिंग मामलों के सामने आने से विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी की कमियां उजागर हुई हैं।
बाख ने कहा, “हाल ही के मामलों ने हमें बताया है कि वाडा के डोपिंग रोधी तंत्र की समीक्षा करने की जरूरत है। आईओसी ने ज्यादा प्रभावी डोपिंग रोधी तंत्र की वकालत की है। इसके लिए जिम्मेदारी, ज्यादा पारदर्शिता, ज्यादा स्वतंत्रता और पूरे विश्व के साथ समन्वय स्थापित करने की जरूरत है।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पिछले महीने वाडा की रिपोर्ट में रूस को राज्य प्रायोजित डोपिंग का दोषी बताया गया था। इसके बाद डोपिंग रोधी एजेंसी ने रूस के खिलाड़ियों को रियो ओलम्पिक-2016 में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित करने की बात कही थी।
हालांकि आईओसी ने रूस पर प्रतिबंध न लगाने का फैसला करते हुए हर खेल के विश्व नियामक संस्थाओं के हाथ में इसका फैसला छोड़ा दिया है।
बाख ने आईओसी के फैसले का बचाव किया है और रूस पर पूर्ण प्रतिबंध को ‘बेहद सख्त’ निर्णय कहा है।
बाख ने कहा, “एक बार हमें पूर्ण प्रतिबंध के बेहद सख्त निर्णय के नतीजों के बारे में सोचना चाहिए। यह बेहद विनाशकारी होता। ओलम्पिक खेलों की स्थापना का यह उद्देश्य कत्तई नहीं रहा।”
dharmpath.com dharmpath