लखनऊ , 3 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित नेता दयाशंकर सिंह की पत्नी स्वाति सिंह ने पुलिस की मंशा पर सवाल खड़ा करते हुए बुधवार को कहा कि पुलिस आखिर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ न तो पोक्सो एक्ट (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) लगा रही है और न ही उनके खिलाफ कोई अन्य कार्रवाई कर रही है। आखिर पुलिस किसके दबाव में है।
लखनऊ स्थित प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वाति ने यह बातें कही। स्वाति ने बताया कि पुलिस किसी तरह का सहयोग नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा, “मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी को फोन करने पर वह फोन नहीं उठाते हैं। मैं इस मामले की दो सीडी पुलिस को सौंप चुकी हूं। सीडी में यह साफतौर पर दिखाई दे रहा है कि नसीमुद्दीन माइक पर यह बयान दे रहे हैं कि दयाशंकर सिंह अपनी बहन और बेटी को सौंप दें।”
स्वाति ने कहा कि वह इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से अभी नहीं मिली हैं और न ही उनकी बात हुई है। वह उन पर आरोप नहीं लगा रही हैं बल्कि पुलिस के रवैये पर सवाल खड़ा कर रही हैं।
दयाशंकर सिंह की पत्नी ने कहा, “सीडी में सब कुछ उपलब्ध है। फिर पुलिस नसीमुद्दीन को गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है। एक ही मामले में पुलिस एकतरफा कार्रवाई क्यों कर रही है। दयाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून अपना काम करेगा। लेकिन, इसी मामले में पुलिस अभी तक नसीमुद्दीन को क्यों बचा रही है।”
बसपा सुप्रीमो मायावती पर हमला बोलते हुए स्वाति ने कहा कि मायावती ने कहा था कि उन्होंने दयाशंकर सिंह के परिवार को सबक सिखाने के लिए ऐसा किया है। मायावती के खिलाफ पुलिस क्यों कार्रवाई नहीं कर रही है।
दयाशंकर सिंह ने मऊ में एक कार्यक्रम के दौरान मायावती पर अभद्र टिप्पणी की थी।
इस बयान के बाद काफी हंगामा हुआ था। मायावती ने इस मामले को संसद में उठाया था। इसके बाद सिंह को भाजपा से निकाल दिया गया था। उन्हें पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
dharmpath.com dharmpath