पाकिस्तान ने दक्षेस देशों के बीच आपसी सहयोग पर जोर दिया

इस्लामाबाद, 4 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने गुरुवार को क्षेत्रीय प्रगति के लिए दक्षिण एशियाई देशों (दक्षेस) के बीच आपसी सहयोग पर जोर दिया।

जियो न्यूज की रिपोर्ट में बताया गया है कि दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) में शामिल देशों के गृह मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए शरीफ ने कहा कि दक्षिण एशियाई देशों में संसाधनों का खजाना है। उन्होंने जोर दिया कि इस क्षेत्र की समस्याओं का सामना करने के लिए हमें एक साथ मिलकर काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा चुनौतियों के बावजूद दक्षेस ने महत्वपूर्ण प्रगति की है।

रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद, भ्रष्टाचार और संगठित अपराध से लड़ने के लिए सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है।

इस सम्मेलन में पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार ने कहा, “दक्षेस को इस क्षेत्र की समस्याओं को सुलझाने के लिए अपनी भूमिका निभानी चाहिए। हमें अपराधों से निपटने के लिए एक समान रणनीति बनानी होगी।”

निसार ने कहा कि दक्षेस के सभी देशों को ड्रग्स की समस्या से निपटने के लिए और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में मानव तस्करी और मनी लांड्रिंग प्रमुख समस्या है।

इस्लामाबाद में दक्षेस देशों के गृह मंत्रियों की बैठक की शुरुआत बुधवार को हुई, जिसमें क्षेत्रीय मुद्दों, ड्रग्स पर रोक और मानव तस्करी की रोकथाम पर चर्चा की जा रही है।

इस बैठक में बांग्लादेश को छोड़कर अन्य दक्षेस देशों के गृह मंत्री भाग ले रहे हैं। बांग्लादेश की तरफ से वरिष्ठ राजनयिक और अधिकारी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

भारत के गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी इस बैठक में शामिल होने गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के अपने समकक्ष के साथ कोई अलग से बैठक का कार्यक्रम नहीं रखा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493