पंजाब में आप ने फुल्का, शेरगिल सहित 19 उम्मीदवारों को दिया टिकट (लीड-2)

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने 19 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी ने आप की कानूनी इकाई के प्रमुख हिम्मत सिंह शेरगिल, सर्वोच्च न्यायालय में वकील एच. एस. फुल्का तथा पूर्व बॉस्केटबॉल खिलाड़ी सज्जन सिंह चीमा को भी टिकट दिया है।

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए सबसे पहले उम्मीदवारों की घोषणा करने वाली आप पहली पार्टी बन गई है। कुल 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा के लिए चुनाव अगले साल फरवरी में होने की संभावना है।

सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन तथा कांग्रेस के लिए आप सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है और इस वजह से सभी सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय होगा।

आप ने कहा है कि फुल्का लुधियाना जिले के डाखा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, जबकि उनके साथी वकील हिम्मत सिंह शेरगिल मोहाली के सास नगर से उम्मीदवार होंगे। फुल्का 2014 में लुधियाना से लोकसभा चुनाव हार गए थे। वह लंबे अरसे से 1984 सिख दंगों के शिकार लोगों के अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं।

19 उम्मीदवारों में वकील, सामाजिक कार्यकर्ता, एक पूर्व सांसद, एक खिलाड़ी, एक भूतपूर्व सैनिक, एक चिकित्सक, एक इंजीनियर तथा कुछ व्यापारी शामिल हैं।

सूची में शामिल अन्य उम्मीदवारों में सज्जन सिंह चीमा (सुल्तानपुर लोधी), जगदीप सिंह बरार (श्री मुक्तसर साहिब), रुपिंदर कौर (बठिंडा ग्रामीण), हरजोत सिंह बैंस (साहनेवाल), गोविंद सिंह शामपुरा (फतेहगढ़ चूड़ियान), पूर्व ब्रिगेडियर राज कुमार (बालाचूर) तथा पूर्व सांसद मोहन सिंह फालियानवाला (फिरोजपुर ग्रामीण) शामिल हैं।

मोहाली विधानसभा सीट से शेरगिल को टिकट मिलने के बाद आप नेता एच. एस. किंगरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

उम्मीदवारों की सूची में पंजाब में आप के संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर का भी नाम शामिल नहीं है। पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल तथा उनके परिवार द्वारा संचालित एक स्थानीय समाचार चैनल ने छोटेपुर के आप छोड़ने की खबर दी। छोटेपुर ने इसे तुरंत ‘फर्जी समाचार’ करार दिया।

आप के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने पहले कहा था कि आप की उम्मीदवारों की पहली सूची मई के अंत या जून की शुरुआत में जारी होगी। लेकिन, उम्मीदवारों के दबाव के कारण इसे दो बार टालना पड़ा।

पंजाब विधानसभा चुनाव में आप एक प्रबल दावेदार के रूप में उभरी है। पहली बार चुनाव में त्रिकोणिय मुकाबला होता दिख रहा है। दो अन्य दावेदार अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन तथा कांग्रेस पार्टी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493