कोकराझार, 6 अगस्त (आईएएनएस)। आतंकी हमले के एक दिन बाद यहां तनाव व्याप्त है। बाडोलैंड राष्ट्रीय लोकतांत्रिक मोर्चा (एनडीएफबी) के वार्ता विरोधी गुट के आतंकियों ने शुक्रवार को आम नागरिकों पर हथगोले फेंके और अंधाधुंध गोलियां चलाकर हमले किए। हमले में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 14 हो गई।
सेना ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और शुक्रवार को एक हमलावर को मार गिराया, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे। मृत आतंकी की पहचान हो गई है और फरार दो अन्य आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है।
असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत विश्व सरमा ने कहा कि गोली लगने से घायल एक व्यक्ति की शनिवार की सुबह मौत हो गई, जिससे मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 14 हो गई।
घटना के तुरंत बाद शुक्रवार को कोकराझार का दौरा करने वाले मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के हाथों मारे गए आतंकी की पहचान संगठन के एक कमांडर मंजोय इसलारी उर्फ माओडांग के रूप में हुई है।
इस बीच असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और सरमा ने घायलों का हाल जानने के लिए शनिवार को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) का दौरा किया। इन घायलों को पिछली रात गुवाहाटी स्थानांतरित किया गया था।
जीएमसीएच से बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, “डॉक्टरों ने हमें बताया है कि उनकी हालत सुधर रही है। हमने सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ पूरी शक्ति से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हम लोगों की जानमाल की सुरक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
सरमा ने कहा कि पिछली रात जीएमसीएच लाए गए पांच घायल की स्थिति खतरे से बाहर है। आज (शनिवार) पांच और घायल जीएमसीएच भेजे जाएंगे।
सरमा ने कहा, “हालांकि परिजनों ने मारे गए एनडीएफबी कमांडर की पहचान कर ली है, उसकी पहचान वैज्ञानिक तरीके से निश्चित करने के लिए हम डीएनए जांच कराने जा रहे हैं।”
बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र जिलों (बीटीएडी) के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एल.आर. बिश्नोई ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “अब स्थिति सामान्य है। हमें कोकराझार में सुरक्षा बलों की सात अतिरिक्त कंपनियां मिल रही हैं, जबकि उनमें से कुछ पहले ही पहुंच चुकी हैं, कुछ भेजी जा रही हैं।”
उन्होंने कहा कि शुक्रवार के हत्याकांड में शामिल आतंकियों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।
बिश्नोई ने कहा, “सुरक्षा बलों के हाथों मारे गए आतंकी को औपचारिक रूप से पहचानने के लिए हमने उसके परिजनों को बुलाया है और हत्या में शामिल दो अन्य आतंकियों के बारे में जानकारी जुटाने की प्रक्रिया जारी है।”
इस बीच गुवाहाटी स्थित असम पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना के बाद राज्य की अंतर राज्यीय सीमाओं के साथ-साथ प्रदेश के सभी प्रवेश एवं निकास मार्ग बंद कर दिए गए हैं और भारत-भूटान सीमा से सटे बीटीएडी इलाके में अभियान तेज कर दिए गए हैं।
एनडीएफबी के आतंकियों ने कोकराझार शहर के निकट बलाईजान साप्ताहिक बाजार में गोलीबारी की, जिसमें 13 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और अन्य 20 लोग घायल हो गए।
dharmpath.com dharmpath