गांधीनगर, 6 अगस्त (आईएएनएस)। गुजरात के भावी मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने नई सरकार के गठन का दावा पेश करने के लिए यहां शनिवार को राज्यपाल ओ.पी.कोहली से मुलाकात की। रूपानी रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
इस दौरान भावी उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गुजरात मामलों के प्रभारी दिनेश शर्मा तथा केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री परषोत्तम रूपाला भी रूपानी के साथ थे।
रूपानी को मुख्यमंत्री व पटेल को उप मुख्यमंत्री बनाने का फैसला शुक्रवार को किया गया।
इससे पहले, पार्टी विधायक दल के नेता के रूप में निर्वाचन के बाद रूपानी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को सौंप दिया।
शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि रूपानी तथा नितिन पटेल क्रमश: मुख्यमंत्री तथा उप मुख्यमंत्री के रूप में रविवार को गांधीनगर के महात्मा मंदिर में अपराह्न 12.45 बजे शपथ लेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी को शपथ लेने वाले अन्य मंत्रियों के नामों पर फैसला करना अभी बाकी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नई सरकार की संरचना पर फैसला लेने के लिए चर्चा कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि मुख्यमंत्री पद के लिए रूपानी पार्टी की पसंद थे, क्योंकि आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को चौंकाते हुए अपने फेसबुक पेज पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर की थी।
dharmpath.com dharmpath