ठाणे, 7 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रविवार को एक दो मंजिला इमारत के ढह जाने से मकान मालिक और उसकी पत्नी की मौत हो गई। जबकि माना जा रहा है कि छह अन्य लोग मलबे में दबे हुए हैं। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस अधिकारी रवींद्र पाटील ने कहा कि भिवंडी के हनुमान टेकड़ी में स्थित महादेव निवास नामक भवन सुबह सात बजे अचानक ढह गया। भिवंडी मुंबई से 35 किलोमीटर उत्तर में है।
अग्निशमन और आपदा प्रबंधन की टीमें कल्याण और ठाणे से तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और मलबे से चार लोगों को निकाला।
पाटील के अनुसार, मृतकों की पहचान मकान मालिक सज्जनलाल गुप्ता और उसकी पत्नी सीतो देवी के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने कहा कि मलबे में दबे एक ही परिवार के छह लोगों को बचाने के लिए तलाश जारी है।
स्थानीय विधायक कपिल पाटील ने कहा कि मकान को खतरनाक घोषित कर दिया गया था और खाली करने का एक नोटिस भी दिया गया था, जिसे मकान में रहने वाले कई लोगों ने नजरअंदाज किया था।
विगत कुछ दिनों में भिवंडी में यह दूसरी इमारत है, जो भारी वर्षा से पस्त होने के कारण ढही है।
पिछले 31 जुलाई को गैबीनगर में एक इमारत ढहने से नौ लोगों की मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath