मप्र निवेश-मित्र राज्य है : शिवराज (फोटो सहित)

भोपाल, 12 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मुंबई में उद्योग समुदाय के बीच राज्य की खूबियां गिनाते हुए कहा कि उनका राज्य सर्वाधिक निवेश-मित्र राज्य है।

जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, चौहान ने मध्यप्रदेश में निवेश संभावनाओं पर आयोजित सेमिनार में कहा, “हम उद्योग समुदाय के सहयोग से मध्यप्रदेश को सुखी प्रदेश बनाएंगे।”

उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं को उद्यमशील बनाने के लिए नवाचारी योजनाएं बनाई गई हैं। पंद्रह अगस्त से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा में सहायता देने के लिए नई योजना शुरू की जाएगी।

उद्योग विभाग द्वारा भारतीय उद्योग परिसंघ के सहयोग से आयोजित सेमिनार में मुख्यमंत्री ने प्रमुख उद्योगपतियों से प्रदेश में निवेश को लेकर विस्तार से चर्चा की और उन्हें प्रदेश में 22-23 अक्टूबर को इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।

चौहान ने कहा कि निवेशकों की मदद के लिए प्रभावी और पूरी तरह पारदर्शी सिंगल विंडो व्यवस्था स्थापित की गई है। मध्यप्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, यह देश का सबसे प्रगतिशील राज्य बन गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि बैंक स्थापित किया गया है। निवेश के लिए सभी जरूरी अधोसंरचना स्थापित हैं। पानी, बिजली, सड़क जैसी सभी जरूरी चीजें उपलब्ध हैं।

सेमिनार में उद्योग मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आज मध्यप्रदेश के विकास की चर्चा पूरे देश में हो रही है। उद्योगों के लिए सबसे अनुकूल वातावरण यहां उपलब्ध है।

इस मौके पर मुख्य सचिव अंटोनी डिसा ने प्रदेश के उद्योग परिदृश्य और निवेशकों के लिए अपनाई गई नीतियों पर प्रस्तुतिकरण दिया।

प्रमुख सचिव (उद्योग) मोहम्मद सुलेमान ने प्रदेश में नए क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं को रेखांकित किया। वहीं भारतीय उद्योग परिसंघ के पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष सुधीर मेहता ने आभार व्यक्त किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493