हैदराबाद, 13 अगस्त (आईएएनएस)। सिकंदराबाद में शनिवार को अज्ञात हमलवारों ने गोली मारकर कांग्रेस के एक स्थानीय नेता को घायल कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस के स्थानीय नेता यादगिरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
हमला ओल्ड बोवेनपल्ली में उस वक्त हुआ, जब मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने कांग्रेस नेता पर छह चक्र गोलियां चलाई। उस वक्त वह अपने घर से बाहर निकल रहे थे। हमले को अंजाम देकर हमलवार फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में कांग्रेस नेता निकट के एक अस्पताल के अंदर भाग रहे हैं, और हमलावर उनका पीछा कर रहे हैं। इस दौरान वह हमलावरों का प्रतिरोध भी कर रहे थे।
यादगिरी रियल एस्टेट व शराब कारोबारी हैं।
हैदराबाद के पुलिस आयुक्त महेंद्र रेड्डी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फूटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष दल का गठन किया गया है।
पुलिस ने दो पिस्तौल बरामद किए हैं।
अस्पताल के कूड़ेदान में एक हथियार पाया गया, जबकि दूसरा हथियार यादगिरी के पास से मिला। उन्होंने हालांकि पुलिस से कहा कि पिस्तौल को उन्होंने हमलावर से छीन लिया था।
रेड्डी ने कहा कि घटना के पीछे का कारण भूमि विवाद हो सकता है।
dharmpath.com dharmpath