भोपाल, 15 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में स्वाधीनता दिवस सोमवार को उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। तिरंगा फहराया गया, देशभक्ति के तराने गूंजे और प्रभातफेरियां निकाली गईं। सरकारी आयोजनों के अलावा तमाम गैर सरकारी, निजी और राजनीतिक दलों के दफ्तरों में भी आजादी की सालगिरह की धूम रही। इन आयोजनों में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
राजधानी में मुख्य समारोह मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस मौके पर चौहान ने राज्य की प्रगति का संकल्प दोहराया। साथ ही अब तक किए गए कामों का सिलसिलेवार ब्योरा दिया।
राजभवन परिसर में राज्यपाल राम नरेश यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद पुलिस की टुकड़ी ने राज्यपाल को सलामी दी। राज्यपाल ने परिसर में अनार का पौधा भी रोपा।
मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सुरक्षा कर्मियों के लिए पुरस्कार की भी घोषणा की।
पर्यटन भवन में राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक ने राष्ट्रध्वज फहराया। इस मौके पर भौमिक ने देश के नव-निर्माण में सभी को भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
निगम के प्रबंध संचालक एवं मुख्यमंत्री के सचिव हरि रंजन राव ने कहा कि पर्यटन निगम ने यह साबित किया है कि पर्यटन केवल आमोद-प्रमोद के लिए ही नहीं, बल्कि रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण जरिया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय पं़ दीनदयाल परिसर में राष्ट्रीय ध्वज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फहराया। उन्होंने प्रदेशवासियों से मार्मिक अपील करते हुए कहा कि देश के महान क्रांतिकारियों के पौरुष और बलिदान ने महात्मा गांधी को देश का राजनीतिक इतिहास, आजादी का अध्याय लिखने का मार्ग प्रशस्त किया। वीर शहीदों और क्रांतिकारियों के बलिदान का पुण्य स्मरण करें और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लें।
आजादी की 70वीं वर्षगांठ पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के प्रांगण में राष्ट्रध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। यादव ने राज्य की जनता की सेवा के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई।
इसी तरह राज्य के 51 में से 29 जिलों में राज्य सरकार के मंत्रियों ने ध्वजारोहण किया, जबकि अन्य जिलों के मुख्यालयों पर हुए स्वाधीनता कार्यक्रमों में जिला पंचायत अध्यक्षों ने झंडा फहराया। इस मौके पर प्रभातफेरियां निकाले जाने के साथ रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
राजधानी के अलावा इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर आदि स्थानों पर भी स्वाधीनता दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया गया।
dharmpath.com dharmpath