मुंबई : सड़क दुर्घटना में 5 की मौत (लीड-1)

मुंबई, 18 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई के पश्चिमी एक्सप्रेस राजमार्ग पर गुरुवार को कार की सड़क किनारे पेड़ से हुई टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई जिसमें कार चालक भी शामिल है।

विले पार्ले की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रक्षा महाराव ने बताया कि यह भीषण दुर्घटना सुबह 5.30 बजे मिलान फ्लाईओवर के पास मुंबई हवाईअड्डे के मुख्य रनवे के सामने मार्बल कारखाने के पास हुई।

महाराव ने बताया कि यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि होंडा सिटी कार लगभग 10 फुट तक उछल गई। इसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जांचकर्ताओं और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दिन के शुरुआती घंटे में राजमार्ग पर ट्रैफिक भी नहीं था। संभावना है कि कार चालक मुजम्मिल एम.कनोजिया (22) तेज गति की वजह से कार से नियंत्रण खो बैठा था।

महाराव ने बताया कि पुलिस ने मृतकों की पहचान राशिदा वाई.शेख (25), जुनैद फाकिर शेख (22) के रूप में की है। मरने वाले दो अन्य लोगों की पहचान नहीं की जा सकी है।

कार पर पुणे का पंजीकरण नंबर था। मृतकों में से तीन दक्षिण मुंबई के रहने वाले थे। कार मालिक का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार में सवार लोग कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493