जयपुर, 19 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के जैसलमेर जिले में खुफिया जानकारी पर एक संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने कहा है कि संदिग्ध नंदू महाराज के पास से नक्शा तथा कुछ अन्य दस्तावेज जब्त किया गया है। साथ ही उस पर भारत में भारी मात्रा में आरडीएक्स लाने का भी आरोप लगाया गया है। लेकिन, खुफिया अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से मना कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने टेलीफोन पर आईएएनएस से कहा, “खुफिया एजेंसियों से सूचना मिलने के बाद हमने गुरुवार को नंदू को गिरफ्तार किया। वह पाकिस्तान का नागरिक है और बीते 12-13 दिनों से जैसलमेर में था।”
उन्होंने कहा कि उससे जैसलमेर में पूछताछ की जा रही है।
राजस्थान पुलिस की खुफिया शाखा के एक अधिकारी ने कहा, “आगे की पूछताछ के लिए हम उसे देर शुक्रवार को जयपुर लाएंगे।”
माना जा रहा है कि नंदू थार एक्सप्रेस से भारत में दाखिल हुआ था, जो पाकिस्तान के सिंध प्रांत के कराची से राजस्थान के जोधपुर के बीच चलती है।
अधिकारी ने कहा, “नंदू के पास वैध पासपोर्ट व वीजा है।”
dharmpath.com dharmpath