बिहार : गोपालगंज कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, देसी शराब बरामद

गोपालगंज, 20 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और खजूरबनी क्षेत्र में छापेमारी कर 500 लीटर से ज्यादा महुआ से बनी देसी शराब और 900 किलो से ज्यादा जावा महुआ बरामद किया किया।

गोपालगंज नगर थाना के प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि हादसे के मुख्य आरोपी लालबाबू पासी को पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार कर लिया गया है। लालबाबू घटना के बाद से फरार था। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इधर, गोपालगंज के जिलाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि खजूरबनी गांव में नए उत्पाद अधिनियम के तहत सामूहिक जुर्माना लगाने के लिए सर्वे का कार्य किया जा रहा है।

इस बीच, खजूरबनी में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 550 लीटर देसी शराब बरामद की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि जमीन खोदने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली जा रही है। जमीन के अंदर छिपाकर रखे 937 किलो जावा महुआ (इसी से शराब तैयार की जाती है) भी बरामद किया गया है।

इधर, कथित रूप से जहरीली शराब पीने से बीमार हुए चार लोगों में से तीन लोगों की आंख की रोशनी चली गई है। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) के नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ़ उमेश प्रसाद ने बताया कि यहां भर्ती जहीर, अनिल और बंधु की आंख की रोशनी लगभग खत्म हो गई है। यहां भर्ती चौथे मरीज धनंजय की रोशनी अभी बनी हुई है।

उन्होंने आशंका जताई कि मिथाइल अल्कोहल के सेवन से आंख की पुतली में खराबी आई है।

उल्लेखनीय है कि गोपालगंज में संदिग्ध परिस्थितियों में 16 लोगों की मौत के बाद जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा खजूरबनी गांव में छापेमारी कर एक खेत से जमीन के अंदर बड़ी मात्रा में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई थी।

इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें 14 लोगों को नामजद आरोपी बताया गया है।

उत्पाद विभाग के प्रधान सचिव के.के. पाठक भी शुक्रवार को गोपालगंज पहुंचे थे और खजूरबनी सहित विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया था तथा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को कई आवश्यक निर्देश दिए थे।

मृतकों के परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह नगर थाना क्षेत्र के खजूरबनी इलाके की एक अवैध शराब भट्ठी से कई लोगों ने शराब पी थी और दोपहर के बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी थी। इसके बाद 16 लोगों की मौत हो गई। अभी भी चार लोग पीड़ित हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493