भोपाल, 26 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं तथा अनुशांगिक संगठन की समन्वय बैठक शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी है। दूसरे दिन बैठक में राज्य सरकार के मंत्रियों को भी बुलाया गया है।
भोपाल के शारदा विहार शैक्षणिक संस्थान में गुरुवार को दो दिवसीय समन्वय बैठक शुरू हुई थी। शुक्रवार को बैठक का दूसरा और अंतिम दिन है। इस दिन राज्य सरकार के मंत्रियों से संघ चर्चा कर रहा है। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा सभी मंत्री मौजूद हैं, जो अपने-अपने विभागों का ब्योरा दे रहे हैं।
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी गुरुवार शाम राजधानी पहुंचे थे और उन्होंने रात को ही संघ व संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में शाह और संघ-भाजपा नेताओं के बीच वर्तमान स्थितियों पर चर्चा हुई, साथ ही सत्ता और संगठन में बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया गया। शाह शुक्रवार को दिल्ली लौट गए।
बैठक में हिस्सा लेने के लिए राज्य सरकार के मंत्री शुक्रवार सुबह ही शारदा विहार पहुंच गए थे। सूत्रों के अनुसार संघ ने सभी मंत्रियों को अपने वाहन, सुरक्षाकर्मी व मोबाइल फोन शारदा विहार के प्रवेश द्वार के बाहर ही छोड़कर आने के निर्देश दिए थे, मगर अधिकांश मंत्रियों ने इसे खास तव्वजो नहीं दी।
dharmpath.com dharmpath