नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सतीश उपाध्याय ने केजरीवाल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए गए संदीप कुमार के कथित सेक्स टेप को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर गुरुवार को प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
कथित सेक्स टेप के सामने आने के बाद दिल्ली सरकार में सामाजिक कल्याण मंत्री संदीप कुमार की बर्खास्तगी के एक दिन बाद यह प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा के सैकड़ों नेताओं व कार्यकर्ताओं ने निष्कासित मंत्री व दिल्ली सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने आईएएनएस से कहा, “इस मामले में कहने को कुछ नहीं बचा है, क्योंकि ‘आप’ की सच्ची तस्वीर जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है।”
उपाध्याय ने कहा, “उन्होंने मतदाताओं और दिल्ली की जनता का सिर नीचा कर दिया। अपने मंत्रियों को फर्जी डिग्री, भ्रष्टाचार तथा सेक्स टेप जैसे मामलों में शामिल देखकर दिल्ली के लोग शर्म महसूस कर रहे हैं। दिल्ली अब कुशासन व भ्रष्टाचार के लिए जानी जा रही है।”
भाजपा नेता ने केजरीवाल पर दिल्ली के लोगों से झूठ बोलने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “केजरीवाल को यह झूठ नहीं बोलना चाहिए था कि सेक्स टेप की बात उनके संज्ञान में आने के 30 मिनट के अंदर उन्होंने मंत्री को बर्खास्त कर दिया।”
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ओम प्रकाश ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पार्टी के सदस्यों को संदीप कुमार की सेक्स सीडी 15 दिन पहले दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उपाध्याय ने कहा, “यह घटना हमें आप कार्यकर्ता सोनी की याद दिलाती है, जिन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओंपर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। लेकिन, पार्टी ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण उन्होंने खुदकुशी कर ली थी।”
उपाध्याय ने कहा, “उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार पारदर्शी है और उनकी पार्टी में कोई भ्रष्टाचार नहीं है। लेकिन, तथ्य तो यह है कि उनकी पार्टी धोखेबाजों से भरी पड़ी है।”
उपाध्याय ने कहा, “उनका वैकल्पिक राजनीति का वादा पूरी तरह झूठा है।”
dharmpath.com dharmpath