दिल्ली में ठुमरी महोत्सव शुक्रवार से

नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के संगीत प्रेमियों को 2 सितंबर से तीन दिन ‘अच्छे दिन’ का अहसास दिलाएंगे। सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र मंडी हाउस के कमानी सभागार में ठुमरी महोत्सव शुरू होने जा रहा है, जो 4 सितंबर तक चलेगा। इसमें युवा गायकों से लेकर प्रख्यात गायकों तक से ठुमरी सुनने का आनंद लिया जा सकेगा।

उपशास्त्रीय संगीत (लाइट म्युजिक) के इस महोत्सव का आयोजन साहित्य कला परिषद ने किया है, जिसमें प्रख्यात शास्त्रीय गायिका गिरिजा देवी व राजन मिश्र-साजन मिश्र भी ठुमरी पेश करेंगे।

परिषद की सचिव आईएएस निहारिका सिंह ने गुरुवार को बताया कि मंडी हाउस इलाके के कॉपरनिकस मार्ग स्थित कमानी सभागार में तीनों दिन शाम 6.30 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। ठुमरी महोत्सव का उद्घाटन दिल्ली के कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे।

उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को युवा गायिका रमिता दास, कौशिकी चक्रवर्ती और संपत पंडित ठुमरी पेश करेंगे। अगले दिन 3 सितंबर को सुनंदा शर्मा, मधुमिता चट्टोपाध्याय और राजन-साजन मिश्र का ठुमरी गायन होगा। संगीत प्रेमी अंतिम दिन 4 सितंबर को नेहा चिम्मालगी, भोलानाथ मिश्र और गिरिजा देवी के ठुमरी गायन का आनंद का ले सकेंगे।

निहारिका सिंह ने बताया कि ठुमरी महोत्सव में प्रवेश के लिए आमंत्रण पत्र की दरकार नहीं है, कमानी सभागार का द्वार हर संगीत प्रेमी के लिए खुला रहेगा। मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन से चंद कदमों की दूरी पर कमानी सभागार है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493