नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत, ईरान और अफगानिस्तान ने क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग को लेकर तेहरान में त्रिपक्षीय बातचीत की। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
नई दिल्ली में अप्रैल में हुई त्रिपक्षीय बैठक के बाद ईरान की राजधानी में बुधवार को महानिदेशक स्तर की दूसरे दौर की बैठक हुई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने यहां कहा, “हाल की क्षेत्र की घटनाओं और त्रिपक्षीय राजनीतिक, आर्थिक, आवागमन और सांस्कृतिक सहयोग सहित आपसी हितों के विभिन्न मुद्दों पर तीनों पक्षों ने विस्तार से बातचीत की।”
उन्होंने कहा, “अफगानिस्तान और इस क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा करते हुए तीनों पक्षों ने आतंकवाद और चरमपंथ के मौजूदा एवं उभर रहे खतरों का मुकाबला करने के लिए क्षेत्रीय सहयोग की जरूरत पर बल दिया।”
चाबाहार बंदरगाह से अफगानिस्तान और क्षेत्र में जाने के लिए रास्ते बनाने के बारे में स्वरूप ने कहा कि इस बात पर सहमति बनी कि इस पर विचार के लिए व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के लिए कुछ विशेष बैठकें आयोजित की जाएं एवं संस्तुतियों को महानिदेशकों की काबुल में होने वाली अगली बैठक में समीक्षा की जाए।
भारत, ईरान और अफगानिस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मई में ईरान यात्रा के दौरान चाबाहार त्रिपक्षीय करार पर हस्ताक्षर किए थे।
dharmpath.com dharmpath