पलघर (महाराष्ट्र), 1 सितम्बर (आईएएनएस)। जब दुनिया मदर टेरेसा को चार सितंबर को पोप फ्रांसिस द्वारा वेटिकन में संत घोषित किए जाने पर जश्न मना रही होगी, उसी समय महाराष्ट्र का एक चर्च भी अपने ढंग से इस क्षण को स्मरणीय बनाएगा।
मुंबई से करीब 60 किलोमीटर उत्तर में स्थित विरार शहर में ‘द ब्लेस्ड मदर टेरेसा चर्च’ का नया नामकरण ‘संत मदर टेरेसा चर्च’ किया जाएगा। इस अवसर पर भारत के लाखों गरीबों की निस्वार्थ सेवा करने के लिए दिलों में बसीं मदर के नाम पर समारोह का भी आयोजन होगा।
अप्रैल 1986 में मदर टेरेसा ने वसई-विरार की यात्रा की थी। चर्च के फिर से नामकरण पर होने वाला समारोह जनता की स्मृतियों को ताजा कर देगा। यह भारत में शायद ‘संत’ मदर टेरेसा को समर्पित एकमात्र चर्च है।
आर्कबिशप के सचिव फादर रिचर्ड डाब्रे ने आईएएनएस को बताया कि मदर ने यहां कार्डिनल ग्रासियाज अस्पताल के एक विंग का उद्घाटन किया था और बाद में युवाओं को संबोधित किया था।
जल्द ही सेंट मदर टेरेसा के नाम से जाने वाले इस चर्च में एक शीशे के पात्र में मदर के रक्त की बूंद को संभाल कर रखा गया है। इसके दर्शन के लिए पूरे देश से हजारों लोग आते हैं।
dharmpath.com dharmpath