बिहार में शराब के लिए पूर्व सैनिक सड़क पर उतरे

पटना, 2 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में शराबबंदी कानून के खिलाफ शुक्रवार को पूर्व सैनिक सड़क पर उतर आए। उन्होंने नए उत्पाद अधिनियम को सेना अधिनियम के खिलाफ बताया। सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने राजभवन तक मार्च किया।

बिहार में शराबबंदी कानून के विरोध में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के तत्वाधान में दानापुर के हाथीखाना मोड़ पर एक सभा आयोजित की गई। इसके बाद पूर्व सैनिकों ने राजभवन मार्च किया।

इस राजभवन मार्च में पूरे बिहार से आए सैकड़ों पूर्व सैनिक शामिल हुए।

पूर्व सैनिक एऩ क़े सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिकों के लिए शराब पर प्रतिबंध लगा दिए जाने से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सेना अधिनियम के तहत उन लोगों के लिए शराब का एक कोटा तय है। शराब पूर्व सैनिकों के लिए दवा बन गई है, लेकिन बिहार में इस पर रोक लगा दी गई है।

एक अन्य पूर्व सैनिक का कहना है कि बिहार सरकार रक्षा मंत्रालय द्वारा दी गई पूर्व सैनिकों की सुविधाएं छीन रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बिहार सरकार अगर अपने आदेश को नहीं बदलती है तो पूर्व सैनिक जोरदार आंदोलन करेंगे।

दानापुर में सभा के बाद सभी पूर्व सैनिक राजभवन मार्च के लिए निकल गए। राजभवन पहुंचने के पूर्व ही पुलिस ने राजबंशीनगर के पास जुलूस को रोक दिया। इसके बाद पूर्व सैनिकों का एक प्रतिनिधिमंडल राजभवन जाकर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें शराबबंदी से सैनिकों को मुक्त करने की गुहार लगाई गई है।

उल्लेखनीय है कि बिहार में अप्रैल से ही पूर्ण शराबबंदी लागू है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493