केरल में कैथोलिक गिरजाघरों ने मदर टेरेसा को याद किया

तिरुवनंतपुरम, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। मदर टेरेसा को संत की उपाधि से विभूषित किए जाने को लेकर केरल के कैथोलिक गिरजाघरों में बेहद उत्साह का माहौल नजर आया। लोगों को मदर द्वारा वंचितों के लिए किए गए महान कार्यो की याद दिलाने के लिए कैथोलिक गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं और बैठकें आयोजित की गई।

थेल्लाकोम की ‘सेंट जोसफ चर्च’ ने मास में आए लोगों के लिए मदर टेरेसा की निशानियों को प्रदर्शित किया, जिनमें उनके बालों के गुच्छे, अपने चेहरे को साफ करने के लिए उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए स्पंज और उनके कपड़े शामिल थे।

मदर टेरेसा की निशानियां पाने वाला यह देश का पहला गिरजाघर है। उन्हें यहां एक संग्रहालय में रखा गया है।

गिरजाघर के पादरी एंटनी कट्टपरा ने कहा, “आज (रविवार) सुबह हमने विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की थी और वेटिकन में मदर टेरेसा को संत की उपाधि देने के साथ हम उनककी तस्वीरों के साथ 1,001 गुब्बारे छोड़ेंगे।”

राजधानी स्थित ‘मदर टेरेसा चर्च’ में एक विशेष प्रार्थना सभा के अलावा एक जनसभा का आयोजन किया गया और एक स्मृति चिन्ह भी जारी किया गया।

यहां कई अन्य कैथोलिक गिरजाघरों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान मदर टेरेसा को विशेष तौर पर याद किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493