मैके (आस्ट्रेलिया), 4 सितम्बर (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाज मंदीप सिंह (95), कप्तान मनीष पांडेय (61) की बेहतरीन बल्लेबाजी और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (34/4) की फिरकी की बदौलत भारत-ए ने आस्ट्रेलिया में हुए चतुष्कोणीय प्रथम श्रेणी एकदिवसीय श्रृंखला के फाइनल मैच में रविवार को आस्ट्रेलिया-ए को 57 रनों से हरा दिया।
रे मिशेल ओवर हारूप पार्क मैदान पर खेले गए फाइनल मैच में भारत-ए ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट पर 266 रन बनाए और इसके बाद आस्ट्रेलिया-ए को 44.5 ओवरों में 209 रनों पर ही ढेर कर दिया।
आस्ट्रेलियाई टीम के लिए कप्तान पीटर हैंड्सकॉम्ब (43) ने बल्ले से सर्वाधिक योगदान दिया। कैमरून बैंक्रॉफ्ट और एलेक्स रॉस ने 34-34 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य की पीछा करने उतरी आस्ट्रेलिया-ए की शुरुआत धीमी रही। धवल कुलकर्णी ने सलामी बल्लेबाज कुर्टिस पीटरसन (19) को सातवें ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड कर मेजबानों को पहला झटका दिया। इसके बाद बैंक्रॉफ्ट और निक मैडिंसन (31) ने टीम का स्कोर 82 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर बैंक्रॉफ्ट करुण नायर का शिकार हुए। नायर ने मैडिंसन के रूप में अपना दूसरा शिकार किया।
दो विकेट जल्दी गिर जाने से संकट में दिख रही आस्ट्रेलिया-ए को कप्तान हैंड्सकॉम्ब और रॉस ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। कुलकर्णी ने रॉस को 168 के स्कोर पर चलता कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने हैंड्सकॉम्ब को पवेलियन भेज भारतीय टीम की मैच में वापसी कराई।
इसके बाद आस्ट्रेलिया का निचला क्रम चहल और पटेल का सामना नहीं कर पाया और दोनों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर भारत को जीत दिलाई।
इससे पहले टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नायर (1) महज दो रनों के कुल योग पर डेनियर वोराल का शिकार बने। लेकिन इसके बाद श्रेयस अय्यर (41) ने मंदीप का अच्छा साथ दिया और दूसरे विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी कर टीम को शुरुआती झटके से उबार लिया। मार्कस स्टोइनिस ने अय्यर को पवेलियन भेजा।
अय्यर के बाद मंदीप को कप्तान मनीष का साथ मिला। दोनों ने धैर्य से बल्लेबाजी की और तीसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। 170 के कुल योग पर मंदीप पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 108 गेंदों का सामना किया और 11 चौके लगाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसके बाद मनीष ने केदार जाधव (नाबाद 25) के साथ तीसरी अर्धशतकीय साझेदारी की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़े।
मनीष 47वें ओवर में पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 71 गेंदें खेलीं और दो चौके लगाए। जाधव के साथ पटेल (नाबाद 22) ने तेजी से रन बनाए और कुछ बड़े शॉट लगाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
dharmpath.com dharmpath