कतर के अधिकारी के खिलाफ फीफा ने शुरू की न्यायिक कार्यवाही

ज्यूरिख, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा की एथिक्स कमिटी की न्यायिक टीम ने कतर फुटबाल संघ (क्यूएफए) के उपाध्यक्ष सऊद अल मोहान्नदी के खिलाफ प्रारंभिक न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी।

समाचार एजेंसी स्पुतनिक के मुताबिक, हैंज जोएकिम एकर्ट की अध्यक्षता वाली न्यायिक समिति ने अल मोहन्नदी के खिलाफ ‘औपचारिक न्यायिक कार्यवाही’ की शुरुआत कर दी है।

यह कार्यवाही जांच दल द्वारा अंतिम रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद शुरू की गई है।

फीफा की स्वतंत्र समिति द्वारा गठित जांच दल ने 26 अगस्त को दाखिल अपनी अंतिम रिपोर्ट में कहा है कि अल मोहन्नदी ने इस जांच में महत्वपूर्ण जानकारी देने में सहयोग नहीं किया।

हालांकि रिपोर्ट में कहा गया है कि यह जांच कतर में 2022 में होने वाले फीफा विश्व कप की मेजबानी से संबंधित नहीं थी।

रिपोर्ट में कतर के अधिकारी पर फीफा के नियमों का उल्लंघन करने के लिए कम से कम ढाई साल का प्रतिबंध लगाए जाने और कम से कम 20,000 डॉलर का जुर्माना लगाने की सिफारिश की गई है।

अल मोहन्नदी को भी यह रिपोर्ट भेज दी गई है और इस मामले पर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493