फुटबाल : मैत्री मैच खेलने स्वीडन पहुंची डायनामोज टीम

गाटेनबर्ग (स्वीडन) 7 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसल) की फ्रेंचाइजी टीम दिल्ली डायनमोज एफसी लीग के तीसरे संस्करण की तैयारियों के लिए स्वीडन पहुंच चुकी है, जहां टीम स्वीडन के राष्ट्रीय क्लबों के साथ तीन मैत्री मैच खेलेगी।

डायनामोज ने हाल ही में इंग्लिश प्रीमियर क्लब वेस्ट ब्रोमविच के खिलाफ एक मैत्री मैच खेला है और किसी इंग्लिश प्रीमियर क्लब के साथ खेलने वाली आईएसएल की पहली टीम बनी।

सत्र पूर्व की तैयारियों के तहत डायनामोज की टीम यहां बीके हैकेन, एसिरिस्का बीके और स्कीन आईएफ के खिलाफ तीन मैत्री मैच खेलेगी।

क्लब के मिडफील्डर कीन लुइस ने कहा, “स्वीडन के खिलाफ आगामी अभ्यास मैचों के लिए टीम काफी संतुलित नजर आ रही है और हम मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यहां हमें जो अनुभव मिलेगा उससे आगामी सत्र के लिए हमारी टीम और मजबूत होकर उभरेगी।”

वहीं वेस्ट ब्रोमविच अकादमी में प्रशिक्षित डायनामोज के समीर नबी ने कहा, “इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद हम स्वीडन में अभ्यास मैचों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हमें स्वीडन की बेहतरीन घरेलू टीमों के खिलाफ खेलना है और नए मौसम के साथ तालमेल बिठाना एक बड़ी चुनौती होगी।”

गियानलुका जैम्ब्रोटा की इस टीम को अपने पहले अभ्यास मैच में स्वीडिश लीग की अग्रणी टीम बीके हैकन के खिलाफ आठ सितंबर को ब्राविडा एरिना मैदान में उतरना है। इसके बाद डायनामोज 11 सितंबर को पांचवें डिवीजन की टीम स्कीन आईएफ और दौरे के आखिरी मैच के लिए 14 सितंबर को सेकेंड डिवीजन स्वीडिश क्लब एसिरिस्का बीके का सामना करेगी।

जैम्ब्रोटा ने कहा, “हमें स्वीडन में तीनों अभ्यास मैच काफी कम वक्त के अंतर पर खेलने हैं और यहां खिलाड़ियों का असल इम्तेहान होगा। इससे न सिर्फ हमें अलग-अलग रणनीति अपनाने की जरूरत होगी, बल्कि खिलाड़ियों की फिटनेस के स्तर का अंदाजा भी लग जाएगा।”

डायनामोज 15 सितंबर को भारत वापस लौट आएगी और एक अक्टूबर से शुरू होने वाले सत्र के लिए नई दिल्ली में अपना अभ्यास जारी रखेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493