बिहार में दीवार ढहने से 3 बच्चों की मौत, 4 घायल

बिहारशरीफ , 8 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक घर की दीवार ढहने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के चितकोहरा गांव निवासी कृष्णा रजक के दो मंजिल मकान की दीवार पड़ोसी युगल केवट के मकान पर गिर पड़ी। मलबा गिरने से युगल केवट के घर में सो रहे तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चंडी के थाना प्रभारी धर्मेद्र कुमार ने बताया कि दीवार ढहने का कारण बारिश बताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि मृत बच्चों की उम्र दो साल से 12 साल के बीच है। सभी शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में बुधवार को एक मकान की दीवार ढहने से दो बच्चियों की मौत हो गई थी।

गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों से बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493