नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस, आप और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी जैसे विपक्षी दलों ने गुरुवार को प्रीमियम रेलगाड़ियों में ‘सर्ज प्राइसिंग’ की तीखी आलोचना की और इसे वापस लेने की अपील की।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी राजधानी, शताब्दी और दुरंतो एक्सप्रेस के किराये में वृद्धि की निंदा की है।
कांग्रेस ने सरकार के इस फैसले को ‘तुगलकी फरमान’ करार दिया और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने कहा कि यह सरकार के धनवान के लिए पक्षपात को दर्शाता है।
सरकार ने बुधवार को फ्लैक्सी किराया की घोषणा की जिसके तहत दुरंतो, शताब्दी और राजधानी ट्रेनों का आधार किराया हर 10 फीसदी बर्थ की बुकिंग के बाद 10 फीसदी की दर से बढ़ता जाएगा। यानी देर से बुकिंग कराने पर किराये में 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो जाएगी।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि इस मूल्य प्रणाली के जरिए ईमानदार मध्य वर्ग के परिवारों की जेब जलाकर हर साल 1000 करोड़ रुपये एकत्र कर लेने का कपटपूर्ण तरीका खोजा गया है। यह वर्ग अब भी रेलवे को इसकी खामियों के बावजूद यात्रा के लिए एक किफायती विकल्प मानता है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि रेलवे का दशहरा, दिवाली, छठ पूजा, ओणम और बकरीद जैसे त्योहारों के पहले नौ सितंबर से सर्ज प्राइसिंग लागू करने का फैसला भारत की जनता को निचोड़ लेने की मोदी सरकार की जनविरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
मार्क्सवादी पार्टी ने कहा कि इस योजना से सर्वोच्च श्रेणी एसी-1 और एक्जीक्यूटिव चेयर में यात्रा करने वालों को अलग रखा गया है। यह सरकार के धनवान के लिए पक्षपात को दर्शाता है।
इस वामपंथी दल ने कहा है कि यह मांग पर आधारित योजना 90 प्रतिशत यात्रियों के रेल किराए में बहुत अधिक वृद्धि को ढंकने का नकाब है। पार्टी ने सावधान किया है कि यह अन्य ट्रेनों में भी इसी तरह की बढ़ोतरी करने का उपक्रम हो सकता है।
केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “आप (आम आदमी पार्टी) रेलवे में ‘सर्ज प्राइसिंग’ का जोरदार विरोध करती है, इसे वापस लिया जाना चाहिए।”
पंजाब के सफर पर निकले मुख्यमंत्री ने एक दूसरे ट्वीट में कहा, “मैं अभी शताब्दी में हूं और कुछ लोगों से मैंने बात की। हर कोई मोदी सरकार के सर्ज प्राइसिग के खिलाफ है।”
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक की यह टिप्पणी भारतीय रेल द्वारा तेज रफ्तार वाली लंबी दूरी की तीन रेलगाड़ियों में ‘फ्लैक्सी’ किराया लागू करने की घोषणा के अगले दिन आई है।
dharmpath.com dharmpath