रीवा, 9 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के रीवा जिले में कर्ज से परेशान एक किसान ने सल्फास की गोली खाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के धोवखरा गांव के किसान रामकिशोर साहू (75) ने गुरुवार को सल्फास की गोली पीसकर खा ली, जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई। उसे गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई है।
रामकिशोर के बेटे रामाधार का आरोप है कि उसके परिवार पर कर्ज था, जिससे उसके पिता परेशान थे। इतना ही नहीं सोयाबीन की फसल भी चौपट हो गई है। इससे परेशान होकर उसके पिता ने आत्महत्या की है।
गोविंदगढ़ के थाना प्रभारी दिनेश सिंह सोलंकी ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया है कि रामकिशोर के तीन बेटों के हिस्से में 12 एकड़ जमीन है, यह बात सही है कि फसल खराब हुई है, मगर रामकिशोर पर कोई कर्ज नहीं था, उसके बेटे पर कर्ज है। आत्महत्या की वजह का पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
dharmpath.com dharmpath