भोपाल, 9 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी में बच्चों को झूलने के लिए लगाया गया झूला एक मासूम बच्ची की मौत का कारण बन गया। झूले की रस्सी में गर्दन के फंस जाने से आठ साल की बच्ची की मौत हो गई।
पिपलानी थाना क्षेत्र के प्रभारी पंकज द्विवेदी ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि सेक्टर-डी में रहने वाले मोहन चौधरी के घर में बच्चों को झूलने के लिए रस्सी का झूला लगा हुआ था। इस झूले को छोटा करने के लिए उसके बीच में गठान लगा दी गई थी।
द्विवेदी ने आगे बताया कि गुरुवार की रात गणेश प्रतिमा देखकर चौधरी की आठ वर्षीय बेटी पल्लवी घर लौटी और झूले पर झूलने लगी, तभी रस्सी उसकी गर्दन में फंस गई। उसकी मां ने आकर देखा तो बेटी अचेत पड़ी थी, उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
dharmpath.com dharmpath