बकरीद पर ड्रोन से होगी लखनऊ की निगरानी

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पुराने शहर में दो ड्रोन कैमरे भी गुपचुप नजर रखेंगे। खासकर 13 सितंबर को ड्रोन कैमरों को संचालित कर पुराने शहर में रहने वाले लोगों की छतों व गलियों में नजर रखी जाएगी। इसके अलावा त्योहार से पहले सघन तलाशी अभियान भी चलाया जाएगा।

बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस निजी संगठनों की भी मदद ले रही है। पुराने शहर में अब तक कई बैठकें की जा चुकी हैं और नागरिक सुरक्षा संगठन के सदस्यों की भी मदद ली जा रही है।

सुबह आठ बजे से ही फोर्स रहेगा अलर्ट :

बकरीद पर सुरक्षा के लिए 12 सितंबर की सुबह आठ बजे से ही फोर्स को अलर्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद अलग-अलग शिफ्ट में सशस्त्र जवान 18 सितंबर तक मुस्तैद रहेंगे। एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि पुराने शहर को छह जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है। जोन व सेक्टर में सुरक्षा की जिम्मेदारी आठ एएसपी व 18 डीएसपी को सौंपी गई है। पुलिस अफसरों के अलावा सभी थानों की फोर्स को भी अलर्ट करने के साथ रोटेशन में ड्यूटी लगाई गई है।

खुफिया तंत्र भी किए गए सक्रिय :

पुलिसकर्मियों के अलावा 14 कंपनी पीएसी, चार कंपनी आरएएफ को भी तैनात किया गया है। पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवानों के अलावा खुफिया तंत्र को भी चौकन्ना किया गया है। पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। थानों की पुलिस के अलावा एमसीआर की टीमों को भी लगाया गया है। सुरक्षा की नजर से किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा जो पल-पल की खबर रखेगा।

सर्विलांस सेल की टीम रख रही सोशल मीडिया पर निगरानी

शिया धर्मगुरु के खिलाफ फेसबुक पर टिप्पणी किए जाने के मामले की वजह से सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। इसके लिए सर्विलांस सेल की एक टीम को सोशल मीडिया पर निगरानी करने के लिए लगाया गया है। हालांकि खुफिया तंत्र की गोपनीय सूचना के मुताबिक इस बार बकरीद में किसी तरह की अराजक स्थिति के संकेत नहीं मिले हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493