इंफाल, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। मणिपुर के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक युमखाम एराबत सोमवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। इससे पहले उन्होंने विधानसभा की सदस्यता और कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खेत्रीमयम भाबानंद और अन्य नेताओं ने एराबत का पार्टी कार्यालय में स्वागत किया।
भाबानंद ने कहा, “एराबत एक ईमानदार एवं बहादुर राजनेता हैं, लेकिन पिछले 15 वर्षो से ये अपने वांगखेई विधानसभा क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य करा पाने में नाकाम रहे हैं। यह दर्शाता है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार कितनी भ्रष्ट है।”
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और अब पार्टी के रणनीतिकार थोंगाजम चौबा ने कहा,”कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खुद इसका इजहार कर रहे हैं कि बदलाव की जरूरत है।”
एराबत ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने उनसे इस्तीफा देने का आग्रह किया था।
कांग्रेस ने इस घटना पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।
चौबा ने दावा किया कि कांग्रेस के और नेता भाजपा में शामिल होंगे।
सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि कांग्रेस में सामूहिक इस्तीफा देने और नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठने की संभावना है।
मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 42 सदस्य हैं, जबकि भाजपा के सदस्यों की संख्या दो है।
dharmpath.com dharmpath