सीवान, 13 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने यहां मंगलवार को कहा कि नीतीश सरकार को जो करना है करे, वह तो अपने तरीके से ही जीएंगे।
सीवान के प्रतापपुर में ईद-उल-अजहा के मौके पर लोगों से मुलाकात करने और बधाइयां देने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “जिसे जो लगता है लगे। मैं गलत नहीं हूं।”
सरकार द्वारा क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) लगाए जाने की आशंका पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “सरकार उनकी है। मेरे खिलाफ जो करना है करें। सरकार अगर सीसीए लगाना चाहती है तो लगाए, लेकिन मैं अपने तरीके से जीता हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरा चेहरा ऐसा ही है। मुझे हंसना नहीं आता, तो बनावटी हंसी कहां से लाऊं।”
उल्लेखनीय है कि शनिवार को 11 वर्ष के बाद जेल से रिहा होने के साथ ही शहाबुद्दीन ने कहा था, “मेरे नेता लालू प्रसाद हैं और नीतीश कुमार परिस्थितियों के मुख्यमंत्री हैं।” उनके इस बयान से बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।
dharmpath.com dharmpath