नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक शोध छात्र को एक 26 साल की महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज पुलिस थाने में एक मामला दर्ज कराने के बाद पीड़ित ने बुधवार को अपना बयान दर्ज कराया, जिसके बाद अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी मध्य प्रदेश का निवासी है और जेएनयू में शोध छात्र है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने के अनुरोध के साथ आईएएनएस से कहा कि मंगलवार की शाम आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, महिला ने अजय पर अपने साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है, जिसे वह 2008 से जानती है।
अधिकारी ने कहा, “पीड़िता 2010 में दिल्ली आई और तभी के बीच संबंध बना। शिकायतकर्ता महिला द्वारा बार-बार शादी का आग्रह करने के बावजूद आरोपी उससे शादी नहीं कर रहा था, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।”
गौरतलब है कि पिछले ही महीने जेएनयू के ही एक अन्य विद्यार्थी एवं ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) के एक कार्यकर्ता अनमोल रतन के खिलाफ भी दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया गया है।
रतन पर छात्रावास के कमरे में लड़की को फिल्म की सीडी देने के बहाने बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप है।
dharmpath.com dharmpath