कराकस, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। वेनेजुएला के मार्गरिटा द्वीप पर शनिवार से गुट निरपेक्ष (नाम) सम्मेलन की शुरुआत हो गई। इस मौके पर आयोजक देश वेनेजुएला तेल कीमतें बढ़ाने को लेकर एक वैश्विक समझौते के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश करेगा।
वेनेजुएला के पेट्रोलियम मंत्री यूलोजियो डेल पीनो ने यह बात कही। वेनेजुएला वर्तमान में आर्थिक संकट का शिकार है, जहां 17वें गुटनिरपेक्ष सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें करीब 120 विकासशील देशों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
डेल पिनो ने संवाददाताओं से कहा, “निश्चित रूप से हम इस बैठक के दौरान तेल की कीमतों के मुद्दे पर सहमति बनाने का प्रयास करेंगे। आम सहमति का मुख्य जोर अल्जीरिया को लेकर है, जहां हमें उम्मीद है कि उचित मूल्य प्राप्त करने के लिए हम स्थिरीकरण समझौते पर पहुंच पाएंगें, जिसकी सभी तेल उत्पादक देश मांग कर रहे हैं।”
अल्जीरिया में 26-28 सितंबर के दौरान अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा फोरम और तेल उत्पादक देशों (ओपेक) की बैठक होगी, जो गुटनिरपेक्ष सम्मेलन में भी भाग ले रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में एक बयान जारी कर कहा कि भारत के उपराष्ट्रपति इस बैठक में भाग लेने वेनेजुएला पहुंच चुके हैं, जहां मुख्य रूप से आतंकवाद, संयुक्त राष्ट्र में सुधार, जलवायु परिवर्तन और परमाणु निस्त्रीकरण जैसे मुद्दों पर बातचीत होगी।
इक्वाडोर के राष्ट्रपति राफेल कॉरिया ने गुटनिरपेक्ष बैठक में भाग लेने के लिए अपने देश से रवाना होने से पहले संवाददाताओं से कहा, “कच्चे तेल की कीमतें गिर रही हैं, जिससे हमें नुकसान हो रहा है। इसलिए हम इस बारे में ओपेक के देशों के साथ ही अन्य देशों के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बातचीत करेंगे।”
ओपेक का सदस्य वेनेजुएला दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार वाला देश है। लेकिन तेल की गिरती कीमतों के कारण वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था संकट में पड़ गई है।
dharmpath.com dharmpath