भोपाल, 18 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में डेंगू व चिकिनगुनिया के मरीजों की तादाद लगातार बढ़ रही है। राज्य में अब तक डेंगू के 435 व चिकिनगुनिया के 41 मरीजों के नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों बीमारियों से अब तक एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह ने ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए माना कि राज्य में कुछ स्थानों पर डेंगू व चिकिनगुनिया मिल रहे हैं, उनके रक्त नमूनों की जांच की गई, जिसमें डेंगू के 435 व चिकिनगुनिया के 41 मरीजों के नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं।
सिंह ने राज्य के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी की बात स्वीकारी और कहा विभाग इन स्थानों पर दंत चिकित्सकों की नियुक्तियां करने के साथ आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक चिकित्सकों को प्रशिक्षित कर उनकी सेवाएं ली जाएंगी।
उन्होंने श्योपुर जिले में कुपोषण से 12 बच्चों की मौत के मामले पर कहा कि मौतों का आंकड़ा लोगों की अज्ञानता व अंधविश्वास के कारण बढ़ा है। कई ग्रामीण तो बीमारी की वजह भगवान को बताते हैं।
रुस्तम ने कहा कि राज्य में महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग कुपोषण पर श्वेत-पत्र जारी करेगा।
dharmpath.com dharmpath